धामपुर: के.एम. इंटर कॉलेज परिसर में संदिग्ध हालात में होमगार्ड का शव मिलने से हड़कंप

धामपुर (बिजनौर)। थाना धामपुर क्षेत्र के के.एम. इंटर कॉलेज परिसर में एक होमगार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का पता उस समय चला जब कॉलेज मैदान में खेल रहे बच्चों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घर से रिक्शा लेकर निकले थे

मृतक की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र परवीन सिंह, निवासी मोहल्ला बाड़वान, थाना धामपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार जगदीश सिंह बीती रात करीब आठ बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सुबह उनका शव कॉलेज परिसर में मिलने की खबर मिली। परिजनों का कहना है कि मृतक का ई-रिक्शा अब तक नहीं मिला, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

थाना शेरकोट पर होमगार्ड के रूप में दे रहे थे सेवा

प्रारंभिक तौर पर शव पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
बताया गया है कि जगदीश सिंह पिछले करीब 30 वर्षों से होमगार्ड के रूप में सेवा दे रहे थे और वर्तमान में उनकी तैनाती थाना शेरकोट में थी। वे एक अनुशासित और जिम्मेदार कर्मी माने जाते थे।


पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Leave a Comment