बिजनौर में मुठभेड़ के बाद गोकशी के दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

चांदपुर: नूरपुर थाना क्षेत्र के जाफराबाद कुरई गांव के जंगल में पुलिस ने गोकशी के एक मामले का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर में भर्ती कराया गया है। इस दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को जाफराबाद कुरई गांव के जंगल में गोवंशीय अवशेष मिलने पर नूरपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 433/2025 गोवध अधिनियम की धाराओं में दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।


29-30 दिसंबर की रात पुलिस गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी की घटना में शामिल आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में उसी जंगल में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।


गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान फैजान पुत्र मुस्तफा, निवासी मोहल्ला ब्रह्मपुरी, नूरपुर तथा मोहम्मद अली पुत्र अतीक, निवासी मोहल्ला मोहम्मदनगर, नूरपुर के रूप में बताई। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, 315 बोर के दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा एक प्लास्टिक कट्टे में गोकशी से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथी का नाम इरशाद पुत्र हनीश, निवासी ग्राम गोयली, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिशें दी जा रही हैं।


मुठभेड़ के संबंध में नूरपुर थाने में फैजान सहित तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं एवं आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 435/2025 दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जंगलों में घूम रहे आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर उनका वध कर मांस बेचते थे।

Leave a Comment