बिजनौर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

स्योहारा: जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दुआ माफी में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए, जबकि हत्या की साजिश रचने वाले मृतक के सगे भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का विवरण

दिनांक 04 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हल्दुआ माफी में राहुल पुत्र सत्यपाल सिंह की अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर थाना स्योहारा पर मु.अ.सं. 06/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़

हत्या के खुलासे के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना नगीना क्षेत्र के कालाखेड़ी पुल के पास पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

घायल आरोपियों ने अपने नाम बताए—मोहम्मद अमजद पुत्र मोहम्मद राशिद, निवासी गजरौला शिव, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर, विनीत पुत्र सुरेश सिंह, निवासी ग्राम कुलचाना, थाना चांदपुर, बिजनौर
आरोपियों के कब्जे से 02 तमंचे, 03 जिंदा कारतूस, 03 खोखा कारतूस (.315 बोर) और एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

सगे भाई ने दी थी सुपारी

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल की हत्या की साजिश उसके सगे भाई दुष्यंत पुत्र सत्यपाल सिंह ने रची थी। दुष्यंत ने चार लाख रुपये की सुपारी देकर अमजद और विनीत से हत्या करवाई। हत्या के बाद आरोपी जनपद से बाहर भागने की फिराक में थे।
दुष्यंत ने बताया कि राहुल अत्यधिक नशे का आदी था, जिसको लेकर दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक रंजिश के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2019 में वह एक अन्य आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।

आगे की कार्रवाई

पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना नगीना पर मु.अ.सं. 02/26 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल आरोपियों को उपचार हेतु सीएचसी नगीना भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

इस सफल ऑपरेशन में थाना स्योहारा, थाना नगीना और स्वाट/सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment