गेहूं के खेत में मिला तीन वर्षीय बच्ची का शव: जंगली जानवरों के हमले की आशंका

चांदपुर: शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव आराजी भैंसा में बुधवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। गांव के बाहर स्थित गेहूं के खेत में तीन वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत बच्ची की पहचान अजय सैनी की पुत्री हिमानी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार हिमानी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे घर से बाहर गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगने पर मंगलवार देर शाम डायल 112 के माध्यम से शिवाला कलां पुलिस को सूचना दी गई।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर गेहूं के खेत में बच्ची का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बच्ची के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, जबकि उसके कपड़े खेत में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले।

बच्ची के ताऊ गजेंद्र सिंह ने बताया कि हिमानी जंगल की ओर गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिवार और ग्रामीणों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Leave a Comment