नजीबाबाद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

नजीबाबाद: जनपद बिजनौर की नजीबाबाद तहसील में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील के नव निर्मित कवि दुष्यंत कुमार सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।


जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही करने का हरसंभव प्रयास किया जाए और यदि किसी कारणवश तत्काल समाधान संभव न हो, तो एक सप्ताह की निर्धारित अवधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की स्पष्ट मंशा है कि संपूर्ण समाधान दिवस सहित जनसामान्य की सभी शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण हो, जिससे नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा वर्तमान और लंबित शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी आख्या के साथ संलग्न करना सुनिश्चित करें।


उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है, तो उसका स्पष्ट कारण लिखित रूप में शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, ताकि वह अपनी शिकायत को पुनः प्रस्तुत न करे। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का पूरा लाभ मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।


संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment