नजीबाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई गोकशी गिरोह का पर्दाफाश

नजीबाबाद: थाना नजीबाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो बदमाश मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े गए। आरोपियों के कब्जे से अवैध शस्त्र, पशु वध के उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च को कस्बा नजीबाबाद स्थित सेंट मेरी चर्च के पीछे कच्चे रास्ते पर गौवंशीय अवशेष मिलने की सूचना पर थाना नजीबाबाद में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।

ऐसे हुआ खुलासा

28 मार्च को विवेचना के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों—आमिर निवासी अकबराबाद और शहजाद उर्फ युसुफ निवासी नगीना—को गिरफ्तार किया। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने जाफराबाद के जंगल क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें नईम उर्फ गुज्जू कुरैशी के पैर में गोली लग गई। उसे और उसके साथी हसीन उर्फ चुग्गा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे (315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस, पशु वध के उपकरण (छुरी, कुल्हाड़ी, रस्सी आदि) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP20CX-3204) बरामद की है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आवारा गौवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध कर मांस बेचने का काम करते थे। 26 मार्च की रात उन्होंने नवीन मंडी क्षेत्र से एक गाय को पकड़कर बांधा और देर रात उसका वध कर दिया। पुलिस की भनक लगने पर वे अवशेष मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शहजाद उर्फ युसुफ हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट व गोवध समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

घायल आरोपी का उपचार जारी

मुठभेड़ में घायल नईम को उपचार के लिए सीएचसी नजीबाबाद भेजा गया है। मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल वैदवान, हेड कांस्टेबल सौरभ कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल समोद कुमार तथा कांस्टेबल विक्रांत तोमर शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और बहादुरी से यह बड़ी सफलता हासिल हुई।

Leave a Comment