नजीबाबाद में लाखों की चोरी, चोर फरार पुलिस कर रही है जांच

नजीबाबाद: व्यापारी के यहां चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। नगर के चौक बाजार रोड स्थित हरिओम वैरायटी स्टोर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।


जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक लवी अग्रवाल के पिता जब सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो गल्ले का ताला टूटा हुआ मिला। गल्ले में रखी पूरी नकदी गायब थी। चोर नए नोटों के साथ-साथ गजरे और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी, थाना प्रभारी अमित कुमार समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।


प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे थे। उन्होंने लोहे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।


पुलिस का कहना है कि दुकान मालिक से तहरीर मिलने के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Comment