पर्यटक की जिप्सी के पीछे दौड़ा ईक्कड़ हाथी, चालक की सूझबूझ से टला हादसा

बिजनौर। रेहड़ अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में शनिवार को जंगल सफारी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब पर्यटकों की जिप्सी के पीछे अचानक एक ईक्कड़ (एकाकी) हाथी तेज रफ्तार से दौड़ पड़ा। चालक ने समझदारी दिखाते हुए जिप्सी की रफ्तार बढ़ाई, जिससे लगभग 100 मीटर तक पीछा करने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर मुड़ गया।शनिवार को पट्टी अमानगढ़ टाइगर रिजर्व घूमने आए पर्यटकों ने एक जिप्सी किराए पर ली थी। फोटोग्राफर ए.आर. रहमान भी उनके साथ सफारी पर थे।

लौटते समय हुई घटना

झिरना गेट से लौटते समय गेस्ट हाउस से कहरीपुर कार्यालय के रास्ते में अचानक पीछे से ईक्कड़ हाथी दिखाई दिया।पहले हाथी शांत था, लेकिन कुछ ही क्षणों में उसने जोरदार चिंघाड़ के साथ जिप्सी पर दौड़ लगा दी। यह देखकर जिप्सी में बैठे पर्यटक सहम गए। चालक ने तुरंत तेजी पकड़कर वाहन को सुरक्षित दूरी पर ले जाकर सभी की जान बचाई।वन विभाग ने बताया कि ईक्कड़ हाथी आमतौर पर झुंड से अलग कर दिए जाते हैं, क्योंकि इनमें अत्यधिक उग्रता होती है। ये अकेले ही जंगल में घूमते हैं और किसी भी समय आक्रामक हो सकते हैं। हाथी की अधिकतम दौड़ने की गति करीब 40 किमी प्रति घंटा होती है।वन विभाग ने पर्यटकों से जंगल सफारी के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Comment