अफजलगढ़ : रविवार सुबह अफजलगढ़ में बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया जब काशीपुर से नगीना जा रही एक निजी प्राइवेट बस तेज़ मोड़ पर अनियंत्रित होकर नचना नदी की पुलिया से नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। घटना रहमान टाइल्स एंड मार्बल्स दुकान के समीप हुई, जहां बस में कुल लगभग 30 यात्री सवार थे। उनमें से 15–20 लोग घायल हुए हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में कई लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक बस को काफी तेज़ और लापरवाही से चला रहा था। यात्रियों द्वारा रफ्तार कम करने की सलाह देने पर भी उसने ध्यान नहीं दिया। मोड़ पर अचानक नियंत्रण खोने से बस सीधा पुलिया किनारे गड्ढे में जा गिरी।

घायल यात्रियों में शामिल
तरन्नुम (45), रोजी (27), आफरीन (10), इरफान का 5 वर्षीय पुत्र, आदिल (16), साजिया परवीन (45), इनाया (3), अरबीना (50), हसन (19), नाजिया (24), सचिन (30) व संगीता (28), प्रतीक (25), रामकिशन (55), हर्ष (7), तालिब (7), सोफिया (30), महजबी (19), रजिया (50), मुस्कान (17), आकिब (28), मदन सिंह, समीम अहमद, अनीता (55), रिहान (18), सानिया (30), ज्योति (24), सुशांत (18) सहित कई यात्री घायल बताए गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना की वजह की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने तेज़ रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण बताया।