बिजनौर में उधारी और आपसी रंजिश में दोस्त की हत्या

बिजनौर: नजीबाबाद पुलिस ने किया सनसनीखेज़ हत्याकांड का खुलासा। थाना नजीबाबाद क्षेत्र अंतर्गत हरिद्वार–काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन जलालाबाद बाईपास, ग्राम सुनारोवाली की सीमा में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मृतक के ही मित्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट व अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। दिनांक 21 दिसंबर 2025 को हाईवे किनारे सुरेन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय मगन सिंह, निवासी देहरादून की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई सत्यपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय मगन सिंह, निवासी ग्राम हरचन्द्रपुर थाना नांगल, जनपद बिजनौर की तहरीर पर थाना नजीबाबाद में मुकदमा संख्या 441/2025 धारा 103(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया था। णघटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर त्वरित खुलासे के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने जांच तेज की

जिसके बाद सीऔ नीतीश कुमार प्रताप सिंह के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान संदीप पुत्र स्वर्गीय इन्द्ररेज, निवासी 56 नाला पानी रोड थाना डालनवाला, जनपद देहरादून (उत्तराखण्ड) का नाम प्रकाश में आया। मुखबिर की सूचना पर थाना नजीबाबाद पुलिस टीम ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से उसकी जैकेट, जैकेट में रखा हरिद्वार से मण्डावली तक का बस टिकट (दिनांक 21.12.2025 अंकित) तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल एक ईंट बरामद की गई।

पैसा और पत्नी पर टिप्पणी बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देहरादून सचिवालय में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है। मृतक उसका पुराना मित्र था, जिससे उसने 70–80 हजार रुपये उधार ले रखे थे। पैसे वापस मांगने और पत्नी के संबंध में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई। नजीबाबाद आने के बहाने वह सुरेन्द्र को सुनसान स्थान पर ले गया, जहां शराब पीने के बाद ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस की टॉर्च की रोशनी देखकर वह घबराकर खून से सनी जैकेट मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। जैकेट की तलाश में दोबारा घटनास्थल के आसपास आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह,उ0नि0 श्री सुनील कुमार, प्रभारी सर्विलांस टीम उ0नि0 श्री समयपाल सिंह, उ0नि0 श्री सौरभ सिंह, उ0नि0 श्री नकूल शर्मा,उ0नि0 श्री मीर हसन, स्वाट टीम,उ0नि0 श्री हिमांशु गौस्वामी, सर्विलांस टीम,अनिल कुमार, स्वाट टीम, मोनू, जिला कैप्चर टीम,अचिन, स्वाट टीम आकाश, स्वाट टीम,दिलशाद, सर्विलांस टीम,वीरेन्द्र,सौरभ,जयकुमार, नीरज पंवार, समोद, का0 चालक राजीव खोखर, थाना नजीबाबाद आदि शामिल रहे।

Leave a Comment