चांदपुर: थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा देवी मंदिर के पास सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजनौर के मोहल्ला जाटान निवासी 22 वर्षीय सनी पुत्र राधे और 21 वर्षीय आशु पुत्र मनीराम बाइक से शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक व वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।