बिजनौर : थाना नजीबाबाद क्षेत्र के छाबड़ा मार्केट में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़े खरीदने आई एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना कृष्णा टॉकीज की गली, एसबीआई बैंक के पास स्थित कपड़ों की दुकान की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी की पुत्री, भतीजी एवं एक अन्य युवती कपड़े खरीद रही थीं, तभी एक युवक ने अचानक वादी की भतीजी पर छुरे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती के शोर मचाने पर मौके पर पैदल गश्त कर रही पुलिस टीम तुरंत पहुंच गई।
क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटना स्थल से ही छुरा सहित हिरासत में ले लिया। घायल युवती को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
इस संबंध में थाना नजीबाबाद पर मु0अ0सं0 449/2025, धारा 109(1) बीएनएस एवं 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत सिंह पुत्र बालगोविन्द सिंह, निवासी ग्राम सुरजनपुर, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह घटना के समय अत्यधिक नशे में था और इसी कारण उसने वार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध छुरा बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह, हेड कांस्टेबल नेत्रपाल राठी, हेड कांस्टेबल सौरभ कुमार एवं कांस्टेबल गजेन्द्र राठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।