नजीबाबाद। साहनपुर नगर पंचायत के चेयरमैन एवं आज़ाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता खुर्शीद मंसूरी ने नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के दौरान नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 हजार मतदाताओं के नाम काटे जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रेस को जारी बयान में खुर्शीद मंसूरी ने कहा कि जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, जो स्थायी रूप से क्षेत्र छोड़कर बाहर बस गए हैं या जिनके नाम डुप्लीकेट थे, उनके नाम हटने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता भी हैं, जिन तक एसआईआर फॉर्म नहीं पहुंच सके, या फॉर्म पहुंचने के बावजूद किसी कारणवश जमा नहीं हो पाए। कुछ मामलों में तकनीकी खामियों के चलते फॉर्म चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो सके, जिससे उनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हो गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी भारतीय नागरिक जो नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में ही निवास करते हैं और किसी भी कारण से जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ दोबारा फॉर्म भरवाकर उनके नाम फिर से मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे। खुर्शीद मंसूरी ने अपील की कि प्रभावित मतदाता साहनपुर या नजीबाबाद स्थित उनके कार्यालय पर पहुंचकर जरूरी जानकारी दें और पात्र मतदाता बनने की औपचारिकता पूरी कर सकते हैं।