नजीबाबाद के डबल फाटक फ्लाईओवर पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से एक युवक की नाक कट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मानवता की मिसाल

हादसे के समय मौजूद नजीबाबाद रक्त टीम के ब्लॉक अध्यक्ष फहीम अख्तर और पत्रकार सुहैल राजू दोनों ने बिना देर किए घायल युवक को नगर के पूजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
अस्पताल में इलाज

पूजा हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की नाक पर दो टांके लगाए गए हैं और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान
घायल युवक की पहचान आशीष (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नगीना स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कैशियर के पद पर तैनात है। हादसे के समय वह रुड़की से नगीना जा रहा था।
फहीम अख्तर का बयान
रक्त टीम के ब्लॉक अध्यक्ष फहीम अख्तर ने कहा, चाइनीज़ मांझा बेहद खतरनाक और जानलेवा है।
सरकार द्वारा इस पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी बिक्री जारी है, जो बेहद चिंताजनक है। प्रशासन को ऐसे मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।
बड़ा सवाल
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेशों और पुलिस के लगातार अभियानों के बावजूद चाइनीज़ मांझे की खुलेआम बिक्री कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर कब लगेगी इस जानलेवा मांझे पर पूरी तरह लगाम?