नजीबाबाद: आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के समाधान को लेकर नजीबाबाद नगर पालिका में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका चेयरमैन इंजी. मुअज्जम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुत्तों की बढ़ती जनसंख्या, उनके आक्रामक व्यवहार, नसबंदी और वैक्सीनेशन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाधान के लिए कई अहम सुझाव सामने आए।
बैठक में समाजसेविका अनुराधा माथुर, डॉ. दिलशाद अहमद, शमशुल इस्लाम एडवोकेट, वसीम अहमद बक्श, डॉ. शाकिर खान, डॉ. तारिक जकी, जीशान नजीबाबादी, सरफराज खान, हरप्रीत सिंह, राहुल चौहान, सना, इंशा और चेतना गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर समस्या के स्थायी समाधान के लिए अपने-अपने सुझाव रखे।

बैठक में प्रमुख रूप से सुझाव दिया गया कि कुत्तों के साथ दुर्व्यवहार न किया जाए, क्योंकि मारने या छेड़ने से उनका व्यवहार अधिक आक्रामक हो जाता है। साथ ही शहर में डॉग शेल्टर हाउस बनाए जाने और उनके खाने-पीने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि भूख के कारण कुत्ते लोगों पर हमला न करें।
इसके अलावा कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन बड़े स्तर पर कराने, पालतू कुत्तों के मालिकों को अपने कुत्तों की गंदगी की जिम्मेदारी लेने, तथा स्कूल-कॉलेज और समाजसेवी संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम और वर्कशॉप आयोजित करने की भी बात कही गई। लोगों को कुत्तों के व्यवहार और बॉडी लैंग्वेज के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया गया, ताकि हमलों से बचाव किया जा सके।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि पशु चिकित्सालयों में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था की जाए, ताकि नसबंदी और इलाज की सुविधा बेहतर हो सके। जरूरत पड़ने पर पंतनगर से विशेषज्ञ टीम बुलाकर बड़े स्तर पर नसबंदी अभियान चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
साथ ही जिन कुत्तों की नसबंदी हो चुकी हो, उनकी पहचान तय करने और वार्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाकर आक्रामक कुत्तों को पकड़कर नसबंदी कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में चेयरमैन इंजी. मुअज्जम ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही बिजनौर जिलाधिकारी से मुलाकात कर जिले के सभी चेयरमैन और ग्राम प्रधानों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित करेंगे। इसके साथ ही पूरे जिले में कुत्तों की नसबंदी अभियान चलाने, पशु चिकित्सालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और इसके लिए राज्य सरकार से बजट की मांग करने का भी प्रयास किया जाएगा।