( शादाब अली )
नूरपुर: जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी मुरादाबाद निवासी हैं, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों और अस्पतालों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर बाइक और एक अन्य बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 को समीर पुत्र इदरीश ने अपनी बाइक (UP 20 CD 0630) चोरी होने की तहरीर थाना नूरपुर में दी थी। इस पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
27/28 मार्च की रात नूरपुर-मुरादाबाद मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान निखिल शर्मा और सत्यम के रूप में हुई। सख्ती से पूछने पर दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं को कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि वे मास्टर चाबी या लॉक तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। ईद के अगले दिन उन्होंने नूरपुर के एक अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी की थी और पहचान छिपाने के लिए उसे एक कॉलोनी में बंद दुकानों के पास खड़ा कर दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर मुरादाबाद के विभिन्न थानों में 9-9 मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्रीकांत सत्यार्थी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल विपुल कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार, कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल असलम खान और कांस्टेबल सचिन कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बरामद बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।