बिजनौर जनपद के नजीबाबाद क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पूर्व गंग नहर–मालन नदी मार्ग पर शादी समारोह से लौट रहे युवकों की मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसा रात करीब 1 से 2 बजे के बीच का बताया जा रहा है।
हादसे में सतीश पुत्र चरण दास और सचिन पुत्र सत्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल, मोहित, अंकित समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक नजीबाबाद में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नीतीश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल समीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर घायलों को आगे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और घायल टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मजबूत सुरक्षा बैरियर न होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।