नेशनल परिवार एकता संगठन ने 200 जरूरतमंद परिवारों को बांटे लिहाफ

अफजलगढ़: ( मौहम्मद कफील ) – ठंड के मौसम में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नेशनल परिवार एकता संगठन की ओर से नगर के मोहल्ला नायक सराय में लिहाफ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 200 परिवारों को लिहाफ वितरित किए गए, जिससे कड़ाके की ठंड में लोगों को बड़ी राहत मिली।
यह कार्यक्रम पूर्व चेयरपर्सन पति शेख इरशाद हुसैन के आवास पर आयोजित हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शेख सुलेमान रहे, जिन्होंने संगठन के इस प्रयास की सराहना की।

समाज के कमजोर वर्ग की मदद सभी की जिम्मेदारी

अपने संबोधन में पूर्व विधायक शेख सुलेमान ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि नेशनल परिवार एकता संगठन गरीब बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेता है, तो नगर के जिम्मेदार लोग भी आगे आकर संगठन को हर संभव सहयोग देंगे।

हर साल किए जाते हैं सामाजिक कार्यक्रम

नेशनल परिवार एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाहवेज़ अहमद और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोहम्मद कफील ने बताया कि संगठन द्वारा हर वर्ष ठंड के मौसम में लिहाफ वितरण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास मौजूद जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।

सम्मान और सहभागिता

कार्यक्रम के दौरान संगठन के उत्तराखंड प्रभारी सलीम मलिक सहित अन्य पदाधिकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक शेख सुलेमान ने की, जबकि संचालन समाजसेवी शुऐब कुरैशी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment