नजीबाबाद (बिजनौर): जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में ओवरलोड खनन वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम वीरू वाला के पास खनन से भरे एक ओवरलोड डंपर की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
सुबह पांच बजे हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा जसवंतपुर उर्फ लुकादड़ी गांव के सामने सुबह करीब पांच बजे उस समय हुआ, जब सड़क किनारे एक ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने ट्राली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के वक्त ट्राली के पास खड़ा युवक सीधे डंपर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद घायल युवक को समीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम शादीपुर निवासी राजवीर (40 वर्ष) पुत्र रामनरेश, थाना नगीना देहात के रूप में हुई है। राजवीर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लगा जाम

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने एसडीएम और सीओ को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि ओवरलोड और अवैध खनन वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, हालात काबू में

सूचना मिलने पर सीओ नीतीश कुमार प्रताप सिंह और एसडीएम नजीबाबाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डंपर चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध और ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लग सके।
खनन से भरे डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत की जांच के लिए तीन सदस्य समिति का हुआ गठन
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में नजीबाबाद कोटद्वार मार्ग पर ग्राम जसवंतपुर उर्फ लुकादड़ी गांव के सामने एक खनन के डंपर से ट्रैक्टर की हुई भीषण टक्कर में चालक की मौत की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि उक्त प्रकरण की जांच तीन सदस्य समिति, जिसमें उप जिलाधिकारी व सीओ पुलिस नजीबाबाद तथा खान निरीक्षक शामिल है, के द्वारा की जाएगी।