नजीबाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र रविवार को थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष राहुल सिंह ने की।
बैठक में नगर पालिका चेयरमैन इंजी0 मुअज्ज़म, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एड0 कसीम अहमद, राकेश जुनेजा सहित नगर के कई जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।

चेयरमैन इंजी0 मुअज्ज़म ने कहा कि नजीबाबाद ने हमेशा भाईचारे का संदेश दिया है। यहां होली, दीपावली, ईद या मोहर्रम—सभी पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार हिंदू और मुस्लिम त्योहार एक ही दिन पड़े, लेकिन कभी भी आपसी भाईचारे में कमी नहीं आई। इसके लिए उन्होंने नगरवासियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि होली के मद्देनज़र पानी के टैंकर भरवाकर खड़े कर दिए गए हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। साथ ही अपील की कि होली के दिन बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें और यदि गलती से किसी पर गुलाल गिर जाए तो उसे नजरअंदाज कर भाईचारे को मजबूत करें।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष एड0 कसीम अहमद ने कहा कि नजीबाबाद की पहचान आपसी एकता और प्रेम से है। रमजान और होली दोनों पर्व साथ आ रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि लोग पहले की तरह मोहब्बत और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएंगे।
थाना अध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले भी सुना था कि नजीबाबाद की जनता भाईचारे में नंबर वन है और अब इसे प्रत्यक्ष देखा भी है। उन्होंने अपील की कि होली पर कोई नई परंपरा शुरू न की जाए, राह चलते लोगों पर जबरन गुलाल न डाला जाए और सड़कों पर किसी तरह का हुड़दंग न किया जाए।
उन्होंने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसे आपसी प्रेम के साथ मनाएं और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि रमजान के पाक महीने में किसी भी धर्म के लोगों को असुविधा न हो।
अंत में थाना अध्यक्ष ने सभी नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।