नजीबाबाद : जनपद बिजनौर में जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों के बावजूद बालू व मिट्टी का खनन प्रतिबंधित होने के बाद भी अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद की विभिन्न तहसीलों के साथ-साथ विशेष रूप से तहसील नजीबाबाद व नगीना क्षेत्र में दिन-रात जेसीबी और पॉकलेन मशीनों से ओवरलोड अवैध खनन खुलेआम जारी है।
हाल ही में कोटद्वार रोड स्थित वीरू वाला क्षेत्र में रात्रि के समय अवैध खनन से जुड़े एक ओवरलोड डंपर की चपेट में आने से एक किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना को लेकर भारतीय किसान यूनियन द्वारा पूर्व में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया था, किंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि उप जिलाधिकारी नजीबाबाद एवं तहसीलदार नजीबाबाद को ज्ञापन सौंपने के बावजूद न तो अवैध खनन पर रोक लगाई गई और न ही संबंधित अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता दिखा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा फोन न उठाए जाने से जनता में भारी रोष व्याप्त है।
इसके साथ ही नजीबाबाद व नगीना क्षेत्र के कई होटलों में अनैतिक एवं असामाजिक गतिविधियों के संचालन का भी आरोप लगाया गया है। यूनियन का कहना है कि इन मामलों में भी प्रशासनिक स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

भारतीय किसान यूनियन ने मांग की है कि अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, मृतक किसान की मौत की जांच किसी अन्य निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए, तथा अनैतिक गतिविधियों में लिप्त होटलों की जांच के लिए विशेष समिति गठित कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों का स्थानांतरण भी किया जाए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता जावेद राईन, जिला अध्यक्ष रामोद कुमार, व्यापार मंडल से नीरज बालियान, तहसील अध्यक्ष नजीबाबाद नरेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रफीक कुरैशी, नगर अध्यक्ष जलालाबाद मोहम्मद आमिल अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष नजीबाबाद महफूज सहित आफताब, शमशाद हुसैन, फैसल, अमीर, भाई फैजान, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।