स्योहारा। थाना क्षेत्र के ग्राम चंचलपुर में शनिवार सुबह प्रेम-प्रसंग से जुड़े युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ निगला होगा, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
शादी समारोह में शामिल होने घर आया था
जानकारी के अनुसार ग्राम पीपला निवासी 21 वर्षीय विपुल पुत्र गजेन्द्र चौहान हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब में प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ दिनों पूर्व वह स्योहारा क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने घर आया था। समारोह में उसकी ममेरी बहन भी मौजूद थी, जिसके साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शुक्रवार रात विपुल घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उसे गांव के बाहर अर्धचेत अवस्था में पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ से गंभीर हालत में बिजनौर रेफर किया गया। इलाज के दौरान विपुल की मौत हो गई। उधर, युवती की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली। दोनों की मौत को लेकर जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई जा रही है, परंतु आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव परिजनो को सौंप दिया
विपुल का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराए जाने से इनकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।