चांदपुर में दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे क्लर्क की मौत, अधिवक्ता और बेटा गंभीर रूप से घायल

बिजनौर/चांदपुर। शनिवार देर रात चांदपुर बाईपास रोड पर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में इंटर कॉलेज के क्लर्क की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अधिवक्ता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बाप-बेटा करीब 15 फीट दूर जाकर गिरे और क्लर्क कार के बोनट में फंसकर लगभग 30 मीटर तक घिसटता रहा। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा ह

भीषण टक्कर में क्लर्क की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद क्लर्क अखिलेश कार के बोनट में फंस गए और कार उन्हें लगभग 30 मीटर तक घसीटती चली गई। बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

शादी से घर लौटते समय हुआ हादसा

घटना के समय इंटर कॉलेज के क्लर्क अखिलेश, उनके पड़ोसी अधिवक्ता अभिषेक और उनका बेटा यूवी इस्माइलपुर से एक शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे थे। कफील नर्सिंग होम के पास अचानक सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

कार चालक फरार, वाहन कब्जे में

सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि हादसे में क्लर्क की मौत हुई है जबकि अधिवक्ता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। चालक फरार है और शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घायलों की हालत नाजुक, मुरादाबाद रेफर

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने क्लर्क को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बाप-बेटे को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

कार पर ‘भारतीय गौ रक्षा वाहिनी’ लिखा होने से बढ़ा आक्रोश

हादसे में शामिल कार की छत पर ‘भारतीय गौ रक्षा वाहिनी बिजनौर, यूपी’ और जिला उपाध्यक्ष लिखा होने की चर्चा क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएँ सामने आईं।

बाईपास रोड पर हादसे आम, स्थानीय लोग नाराज़

स्थानीय निवासियों ने बताया कि चांदपुर बाईपास पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने सड़क पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Comment