मुरादाबाद। कुंदरकी क्षेत्र के गांव चक फाजलपुर स्थित कुरैशयान मस्जिद में रमज़ान के पवित्र महीने में तरावीह की नमाज़ के दौरान क़ुरआन पाक मुकम्मल होने पर विशेष दुआ कराई गई। इस मौके पर मुल्क में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।
हाजी साजिद रज़ा अत्तारी बयान करते हुए

तरावीह की नमाज़ में हाफ़िज़ अरबाज़ सकलैनी ने क़ुरआन पाक सुनाने की सआदत हासिल की। इस अवसर पर मुबल्लिग-ए-दावत-ए-इस्लामी इंडिया हाजी साजिद रज़ा अत्तारी ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रमज़ान के आखिरी लम्हों को ज्यादा से ज्यादा नेकियों और इबादत में गुज़ारना चाहिए, क्योंकि बहुत जल्द रमज़ान का मुबारक महीना हमसे रुखसत होने वाला है।

उन्होंने बताया कि रमज़ान के महीने में नफ़्ल इबादत का सवाब फर्ज़ के बराबर और फर्ज़ का सवाब सत्तर गुना तक बढ़ा दिया जाता है। इसलिए इस बरकत वाले महीने को गफलत में नहीं गुज़ारना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा इबादत कर अल्लाह की रहमत हासिल करनी चाहिए।
अंत में सलातो-सलाम के बाद मुल्क व मिल्लत की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए सामूहिक दुआ कराई गई।
इस अवसर पर हाफ़िज़ इक़बाल रज़ा, अरकान क़ादरी, फख़्रे आलम, मुहम्मद इमरान, फैज़ान सकलैनी, अरफात क़ादरी, हाफ़िज़ शमसुल समेत कई लोग मौजूद रहे।