संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया जाम

चांदपुर: पीपलसाना बिजलीघर की कथित लापरवाही के चलते एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सीएचसी स्याऊ के बाहर जमकर हंगामा किया और बिजनौर-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ और जाम खोल दिया गया।


जानकारी के अनुसार खानपुर निवासी कमल पीपलसाना बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को वह हल्ला नंगला गांव में विद्युत लाइन की मरम्मत करने गया था। बताया जा रहा है कि लाइन पर काम शुरू करने से पहले उसने बिजलीघर से शटडाउन लिया था। आरोप है कि काम के दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे कमल को जोरदार करंट लगा और वह पोल से नीचे गिर पड़ा।


घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण गंभीर रूप से घायल कमल को तुरंत चांदपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संविदा लाइनमैन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि बिजली विभाग के कर्मचारी कमल के शव को लेकर सीएचसी स्याऊ पहुंचे। आरोप है कि परिजनों के अस्पताल पहुंचने से पहले ही पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। जब मृतक की पत्नी और सास अस्पताल पहुंचीं और उन्हें शव नहीं मिला तो वे फूट-फूटकर रोने लगीं। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए और शव वापस बुलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।


आक्रोशित लोगों ने बिजनौर-बदायूं मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
मृतक कमल अपने पीछे पत्नी और एक वर्ष की मासूम बच्ची को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग।

Leave a Comment