नजीबाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: 5.14 लाख की चोरी का खुलासा,1गिरफ्तार

नजीबाबाद: स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना नजीबाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चौक बाजार स्थित हरिओम वैरायटी स्टोर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।


मोहल्ला बालकराम निवासी शुभम अग्रवाल ने थाना नजीबाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान से अज्ञात चोर नगदी, नोटों की मालाएं (करीब 4–5 लाख रुपये), आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए थे। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0-180/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।


उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए मौ. रफी उर्फ बब्बू पुत्र बन्ने निवासी चमुण्डा रोड, थाना हसनपुर जनपद अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 4,05,000 रुपये नगद, 48 नोटों की मालाएं (जिनमें 1,09,380 रुपये के नोट शामिल हैं) तथा 15 सफेद धातु के सिक्के बरामद किए गए। कुल बरामदगी 5,14,380 रुपये की बताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी इमामुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन निवासी ग्राम गुम्मद थाना नखासा जनपद सम्भल के साथ मिलकर पहले दुकान की रेकी की और 19/20 अप्रैल 2026 की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों ने माल आपस में बांट लिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी इमामुद्दीन की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।


इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार (थाना नजीबाबाद), निरीक्षक सचिन मलिक (स्वाट टीम/क्राइम ब्रांच), निरीक्षक सतेन्द्र सिंह (सर्विलांस टीम), उपनिरीक्षक मीरहसन, हिमांशु (साइबर सेल), विनोद कुमार पाण्डेय, सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल जोगेन्द्र कुमार, सौरभ, नेत्रपाल राठी तथा आरक्षी दीपक, अचिन, आकाश, शिवम, विशाल तोमर, दिलशाद, अनिल, वीरेन्द्र और रिंकू कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment