नजीबाबाद में गैस आपूर्ति को लेकर सख्ती: विधायक ने उठाई जनता की आवाज

नजीबाबाद: तहसील क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी की बिगड़ती सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नजीबाबाद विधायक हाजी तसलीम अहमद ने उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह से उनके कार्यालय में मुलाक़ात की। इस दौरान एजेंसी स्वामी रोहितराज सिंह, पूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा और इंडेन ऑयल कॉर्पोरेशन के फील्ड ऑफिसर भी मौजूद रहे।

गैस एजेंसी स्वामी से बात करते विधायक

व्यवस्था सुधार के दिए निर्देश

विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति न होने से खासकर महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर क्यों नहीं मिल पा रहे हैं।

मुलाक़ात के दौरान विधायक हाजी तसलीम अहमद ने उपजिलाधिकारी और एजेंसी संचालक को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी नहीं हो पा रही है, उनके लिए तहसील परिसर में अलग से सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

स्टाफ करें अच्छा व्यवहार,गैस डिलीवरी हो घर-घर

इसके अलावा एजेंसी स्टाफ को उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करने की हिदायत दी गई। गोदाम पर भीषण गर्मी में भीड़ को कम करने के लिए घर-घर गैस डिलीवरी बढ़ाने और प्रतिदिन 800 सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जनता को राहत मिलने की उम्मीद

विधायक हाजी तसलीम अहमद ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उनके इस प्रयास से क्षेत्र की आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment